केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दीवाली से पहले तोहफा दिया है। बुधवार को कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (डीआर) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। इस फैसले से 1.17 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों को लाभ मिलेगा।
ये भी पढ़ें - DA Difference & Arrear Calculator 2026 | मंहगाई भत्ता (DA) अंतर एवं एरियर कैलकुलेटर (7th Pay Matrix Level 1-9)
ये भी पढ़ें - जनपद में 29 अक्टूबर और 10 नवंबर को छुट्टी घोषित! करवाचौथ-गोवर्धन पूजा पर नया आदेश जारी
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बैठक की अध्यक्षता की। वैष्णव ने कहा, महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि एक जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। इस फैसले से 48.54 लाख कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनधारकों को लाभ होगा। बयान के मुताबिक, इस वृद्धि के बाद केंद्रीय कर्मियों का महंगाई भत्ता उनके मूल वेतन के 60 से बढ़कर 63% हो जाएगा।
पेंशनभोगियों की महंगाई राहत भी मूल पेंशन के 60 से बढ़कर 63% हो जाएगी। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से सरकारी खजाने पर सालाना 10,016.10 करोड़ का अतिरिक्त खर्च आएगा। सरकार ने कहा, यह वृद्धि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर स्वीकृत फॉर्मूले के अनुसार की गई है। पिछले महीनों का एरियर भी दीवाली से पहले खाते में भेजा जाएगा। इससे पहले अप्रैल में सरकार ने डीए में दो फीसदी की वृद्धि की थी।
ये फैसले भी लिए गए
1. प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के लिए 7,395 करोड़ रुपये के आवंटन को भी मंजूरी दी है।
2. कंटेनर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ की योजना मंजूर
3. 1856 करोड़ की खेलो इंडिया खेल सामान विनिर्माण योजना पर भी मुहर
खेल का सामान बनाने वाली कंपनियों को 1,856 करोड़
बदलावकारी साबित होगी योजना: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर खेलो इंडिया खेल सामग्री विनिर्माण योजना देश में खेल सामग्री उद्योग को बढ़ावा देने और वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति मजबूत करने में बदलावकारी साबित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, कहा कि योजना के तहत खेल सामग्री विनिर्माण के लिए विशेष क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा निवेश के अवसर बढ़ाने, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को समर्थन देने तथा अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास पर जोर दिया जाएगा। यह योजना गुणवत्ता, रोजगार और निर्यात के अवसरों को बढ़ावा देगी।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 1,856 करोड़ रुपये की खेलो इंडिया खेल सामान विनिर्माण योजना को मंजूरी दे दी। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए लागू रहेगी। योजना के तहत खेल सामान बनाने वाली कंपनियों को निवेश और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मौजूदा औद्योगिक समूहों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, उत्पादों की गुणवत्ता जांच, अनुसंधान, कौशल विकास और भारतीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
योजना के तहत 300 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाले चार एकीकृत खेल सामान विनिर्माण क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इनके विकास के लिए उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग की भाव्या योजना और राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम के औद्योगिक पार्कों के साथ समन्वय किया जाएगा। कम से कम 100 करोड़ रुपये का निवेश करने वाले बड़े निवेशकों को पूंजीगत खर्च पर 20 प्रतिशत सहायता मिलेगी। वहीं, खेल सामान निर्माण में 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक निवेश करने वाली कंपनियों को कारोबार के आधार पर 15 प्रतिशत तक प्रोत्साहन दिया जाएगा।
स्टार्टअप को 20 लाख रुपये तक अनुदान : उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग में पंजीकृत खेल क्षेत्र के स्टार्टअप को 20 लाख रुपये तक का अनुदान मिल सकेगा। भारतीय खेल सामान को विदेशी बाजारों में बढ़ावा देने के लिए इंडिया स्पोर्ट्स एक्सपो आयोजित किया जाएगा और ब्रांड इंडिया अभियान भी चलाया जाएगा।

