25 January 2022

27 तक साक्षात्कार पत्र नहीं तो चयन बोर्ड पर करेंगे आमरण अनशन

प्रयागराज : अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य भर्ती-2013 को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड आठ साल बाद भी नहीं करा सका है। वर्ष 2022 की शुरुआत के साथ ही चयन बोर्ड ने इस भर्ती को पूरा करने की दिशा में प्रयास शुरू किए, लेकिन तीन सप्ताह में आवेदन पत्रों को सत्यापन ही नहीं करा सका।


राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने एक बैठक कर कहा है कि अगर 27 जनवरी तक साक्षात्कार पत्र जारी नहीं किए जाते तो चयन बोर्ड के समक्ष आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश की बैठक अल्लापुर के रामानंदानगर में सोमवार को मनीष त्रिपाठी के संयोजन में हुई। मनीष त्रिपाठी द्वारा हाई कोर्ट में लगाई गई याचिका अवमानना के जवाब में चयन बोर्ड सचिव ने 31 जनवरी-2022 तक साक्षात्कार करा लेने का हलफनामा दिया था।