20 March 2026

25 तक आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपलोड नहीं किए तो होगी कार्रवाई



बरेली। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद भी अब तक बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के 654 विद्यालयों ने आंतरिक मूल्यांकन के अंक अब तक अपलोड नहीं किए हैं। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से चेतावनी जारी की गई है। 25 मार्च तक अंक अपलोड न करने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले बरेली के साथ ही बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के विद्यालयों को चेतावनी दी गई है। इन विद्यालयों ने शैक्षिक सत्र 2025-26 के हाईस्कूल परीक्षार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक और इंटरमीडिएट के नैतिक, योग, खेल

एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक अब तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए हैं।


संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य से कहा गया है कि हर हाल में 25 मार्च तक सभी छात्र-छात्राओं के अंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। तय समय सीमा बीत जाने के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में अंक स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि अंकों के अभाव में किसी परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम प्रभावित होता है या रुकता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक की होगी।