02 March 2026

BEO Recruitment: सीधी भर्ती से ही भरे जाएंगे खण्ड शिक्षा अधिकारियों के सभी खाली पद, भर्ती प्रक्रिया में किए गए बड़े बदलाव




All Vacant Block Education Officer Posts to Be Filled Through Direct Recruitment, Major Changes in Selection Process

लखनऊ, । प्रदेश में खण्ड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों को अब सीधी भर्ती से ही भरा जाएगा। सरकार ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के रिक्त पदों को सीधी भर्ती एवं पदोन्नति से भरे जाने की 80:20 की व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। साथ में बीईओ के सभी पदों को अब लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरने का निर्णय किया गया है।



इसके लिए अब नए सिरे से बीईओ की सेवा नियमावली तैयार की जाएगी। इससे बीईओ के पदों को भरे जाने में देरी की आशंका व्यक्त की जा रही है। नतीजा बीईओ के पद पर भर्ती की राह देख रहे अभ्यर्थियों को अभी इंतजार करना होगा। पूर्व में Xबेसिक शिक्षा निदेशालय ने भर्ती नियमावली में केवल संशोधन का प्रस्ताव भेजा था, जिसे कार्मिक विभाग ने अमान्य कर पूरी नियमावली को नए सिरे से ड्राफ्ट करने का निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब प्रदेश भर में बीईओ के रिक्त पड़े 161 से अधिक पदों पर सीधे नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया नियमावली के पेंच में उलझने से अब बीईओ की नियुक्ति के लिए नई भर्ती का विज्ञापन जारी होने में कुछ और समय लगने की संभावना व्यक्त की जाने लगी है क्योंकि नई नियमावली को लागू करने से पूर्व कैबिनेट की भी सहमति जरूरी होगी जिसमें और अधिक समय लग सकता है।


भर्ती प्रक्रिया में किए गए बड़े बदलाव

भर्ती की प्रक्रिया में कई बदलाव भी किए जा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ समय से योग्यता और भर्ती प्रक्रिया को लेकर विभाग में लगातार मंथन चल रहा था। पूर्व की नियमावली में स्नातकोत्तर के साथ ‘समकक्षता’ शब्द का उपयोग होता था, जिसे हटाकर अब केवल विशिष्ट डिग्री धारकों को ही पात्र बनाने की तैयारी है।