30 March 2026

बेसिक स्कूलों के समय पर बढ़ा विवाद आरटीई के तहत बदलाव की हुई मांग

 

बेसिक स्कूलों के समय पर बढ़ा विवाद आरटीई के तहत बदलाव की हुई मांग

लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय बेसिक स्कूलों के संचालन समय को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शिक्षक संगठनों ने गर्मी में वर्तमान समय को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल बताते हुए इसे शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अनुसार तय करने की मांग उठाई है।

उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने बताया कि वर्ष 2015 तक ग्रीष्मकाल में विद्यालय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलते थे। वर्ष 2016 में इसे बदलकर सुबह 8 से दोपहर एक बजे तक कर दिया गया। इसके बाद वर्ष 2022 में कोरोना काल में प्रभावित पढ़ाई की भरपाई के लिए समय एक घंटे बढ़ाकर दोपहर दो बजे तक कर दिया गया, जो अब तक जारी है। शिक्षक संघ का कहना है कि आरटीई अधिनियम में गर्मियों में विद्यालय संचालन का समय 5 घंटे निर्धारित है जबकि वर्तमान समय इससे अधिक है। उन्होंने सरकार से एक अप्रैल से स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक करने की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि भीषण गर्मी और लू के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है. इसलिए समय में बदलाव जरूरी है।