12 September 2026

प्री-प्राइमरी स्कूल कोर ग्रुप संवारेगा

लखनऊ, । यूपी में प्री-प्राइमरी स्कूलों में अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ईसीसीई) कोर ग्रुप व्यवस्था सुधारकर उन्हें चमकाएगा। जिलों में इन प्री-प्राइमरी स्कूलों में बेहतर संसाधनों के साथ तीन वर्ष से छह वर्ष की आयु तक के बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिले इसके लिए यह छह सदस्यीय टीम काम करेगी। प्रवेश बढ़ाने व 70 प्रतिशत उपस्थिति पर जोर दिया जाएगा।



अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से सभी जिलों में छह सदस्यीय ईसीसीई कोर ग्रुप का गठन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें जिला समन्वयक निपुण या प्रशिक्षण, एक नोडल स्टेट रिसोर्स ग्रुप सदस्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य की ओर से नामित एक नोडल प्रवक्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से नामित एक अकादमिक रिसोर्स पर्सन, एक शिक्षक संकुल सदस्य और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग का एक बाल विकास परियोजना अधिकारी इस कोर ग्रुप में शामिल होंगे।


परिषदीय स्कूलों के 200 मीटर के दायरे में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों जो गैर विभागीय भवन में चल रहे हैं उन्हें विद्यालय परिसर में स्थानांतरित कराएंगे। प्री-प्राइमरी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने पर जोर देंगे, यह प्री-प्राइमरी स्कूलों में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। यह लोगों को प्री-प्राइमरी शिक्षा का महत्व बताने को जागरूकता अभियान चलाएंगे, शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण व क्षमता संवर्द्धन कार्यशाला आयोजित कराएंगे। यही नहीं बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर समय-समय पर आने वाली समस्याओं का समाधान कराएंगे।