18 September 2026

बीएड करके प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ा रहे शिक्षकों को बड़ी राहत

 बीएड करके प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ा रहे शिक्षकों को बड़ी राहत, नौकरी के साथ कर सकेंगे 6 महीने का ब्रिज कोर्स



नई दिल्ली। बीएड (बैचलर ऑफ एजुकेशन) की योग्यता के आधार पर देशभर के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ऐसे शिक्षकों के लिए छह महीने का विशेष ब्रिज कोर्स शुरू किया गया है, जिसे शिक्षक अपनी नौकरी के साथ पूरा कर सकेंगे।


रिपोर्ट के अनुसार इस ब्रिज कोर्स के लिए देशभर से 76 हजार से अधिक शिक्षकों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 35 हजार से अधिक शिक्षक उत्तर प्रदेश के बताए गए हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश से 11,373, पश्चिम बंगाल से 6,948 और उत्तराखंड से 826 शिक्षकों के पंजीकरण की जानकारी दी गई है।


28 जून 2018 से 11 अगस्त 2023 के बीच नियुक्त शिक्षकों के लिए


बताया गया है कि यह विशेष ब्रिज कोर्स उन शिक्षकों के लिए है, जो 28 जून 2018 से 11 अगस्त 2023 के बीच नियुक्त हुए और बीएड योग्यता के आधार पर प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ा रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से ऐसे शिक्षकों को राहत देते हुए ब्रिज कोर्स की व्यवस्था की गई है।


केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को इस ब्रिज कोर्स की शुरुआत की। इसके साथ ही कोर्स से संबंधित एक पोर्टल भी शुरू किया गया है।


NCTE की ओर से कराया जाएगा कोर्स


रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की ओर से यह छह महीने का ब्रिज कोर्स कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर शिक्षण के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल उपलब्ध कराना है।


NCTE ने यह कदम सुप्रीम कोर्ट के 8 अप्रैल 2024 के फैसले के बाद उठाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ब्रिज कोर्स पूरा करने वाले संबंधित शिक्षकों की नौकरी को सुरक्षा प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।