लखनऊ,। प्रेस क्लब में मई दिवस (मजदूर दिवस) पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर वह खुद तीन मई को केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मिलेंगे। ईपीएफ की न्यूनतम पेंशन बढ़ाने जाने के संबंध में वार्ता करेंगे। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन की मांग है कि पीएफ की न्यूनतम पेंशन एक हजार रुपए से बढ़ाकर पांच हजार की जाए।
अनिल राजभर ने यूनियन से अनुरोध किया कि वह एक वृहद संवाद कार्यक्रम आयोजित करें जिसमें प्रदेश भर के पत्रकार प्रतिनिधि शामिल हो, जिसमें वह भी दो तीन घंटे समय देंगे। यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पत्रकारों को पेंशन, पत्रकार सुरक्षा कानून तथा ट्रेन किराए में छूट की व्यवस्था लागू करने की मांग की। विशिष्ट अतिथि एमएलसी पवन सिंह चौहान ने कहा कि कलम के सामने चुनौतियां हैं, लेकिन पत्रकारों को सच्चाई का पक्ष बहादुरी के साथ रखना चाहिए।
इस मौके पर जादूगर राकेश श्रीवास्तव ने हाथों की कला का सफाई से प्रदर्शन किया। उन्होंने अखबार से फूलों की माला बनाकर मुख्य अतिथि को दिया तो वह हतप्रभ रह गए। इस मौके पर यूनियन के प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रजत मिश्रा मौजूद रहे।

