13 June 2026

भारत का स्टार्ट अप में सामर्थ्य दिखेगा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री



नई दिल्ली,  केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को ‘भारत इनोवेट्स’ के तहत दो महत्वपूर्ण रणनीतिक दस्तावेज जारी किए, जिनका उद्देश्य भारत के उभरते नवाचार और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना है। ‘भारत इनोवेट्स’ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की उस सोच को मजबूत करता है, जिसका लक्ष्य भारत को केवल ज्ञान उपभोक्ता नहीं बल्कि सृजक, नवोन्मेषक व प्रौद्योगिकी नेतृत्वकर्ता बनाना है।


धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप यह पहल भारत की नवाचार क्षमता को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि ‘भारत इनोवेट्स’ के माध्यम से भारतीय स्टार्टअप को उन वैश्विक निवेशकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जो तीन ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की परिसंपत्तियों का प्रबंधन करते हैं और विश्वभर में 12 हजार से अधिक निवेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में 100 से अधिक वैश्विक निवेशकों और प्रमुख संस्थानों के शामिल होने की संभावना है, जो भारत के डीप-टेक और नवाचार क्षेत्र में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विश्वास का प्रमाण है। इस पहल के माध्यम से लगभग दो करोड़ अमेरिकी डॉलर के निवेश संबंधी समझौते अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।