28 September 2026

यूपीपीएससी में पीसीएस 2025 के इंटरव्यू आज से

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2025 की मुख्य परीक्षा में सफल 2297 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार सोमवार से शुरू होंगे। प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित भर्ती परीक्षा के लिए साक्षात्कार तकरीबन माह 24 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यदिवसों में दो पालियों सुबह 9:30 बजे से और दोपहर दो बजे से आयोजित किए जाएंगे।



परीक्षा नियंत्रक हर्षदेव पांडेय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवश्यक अभिलेखों के साथ नियत तिथि को प्रथम सत्र के लिए सुबह आठ बजे और द्वितीय सत्र के लिए 12:30 बजे आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन में पहुंचना सुनिश्चित करें। साक्षात्कार के समय शैक्षिक अर्हताओं से संबंधित सभी अंकतालिकाओं/ उपाधि एवं प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां भी अपने साथ अवश्य लाएं। साक्षात्कार 28, 29 व 30 सितंबर और एक, पांच, छह, सात, आठ, नौ, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 21, 22, 23 और 24 अक्तूबर को कराए जाएंगे। भर्ती में कुल 28 प्रकार के पदों के लिए उपलब्ध कुल 814 रिक्तियों में से दो रिक्तियां ऐसी हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है।