संतकबीर नगर के नाथनगर स्थित संविलियन विद्यालय सुबखरी में एक गंभीर घटना सामने आई है। विद्यालय की सहायक अध्यापिका ममता तिवारी द्वारा प्रभारी प्रधानाचार्य नीलम पांडेय के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना में प्रधानाचार्य बेहोश हो गईं।
घटना शुक्रवार को दोपहर के समय लंच के दौरान हुई। प्रधानाचार्य को होश में लाने के लिए बच्चों और दाइयों को पानी का छिड़काव करना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रधानाचार्य के पति ने एंबुलेंस बुलाई। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
शिक्षकों को करती है प्रताड़ित
जानकारी के अनुसार, सहायक अध्यापिका ममता तिवारी का घर विद्यालय से मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। स्थानीय होने का लाभ उठाते हुए वह अन्य शिक्षकों को भी प्रताड़ित करती हैं। पहले वह यहां शिक्षा मित्र के पद पर कार्यरत थीं। उनके व्यवहार से शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी आशंकित रहते हैं। इस कार्य में उनके पति का भी सहयोग रहता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक जिला अस्पताल पहुंच गए। वर्तमान में प्रधानाचार्य का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।