नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को बारिश और आंधी चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी हो सकती है, जबकि झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान में सोमवार को मौसम शुष्क रहने के बाद मंगलवार से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। इस दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं/धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बर्फबारी और बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, बंगाल में तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। हालांकि, कुछ हिस्सों में हल्की प्री-मानसून बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार को हुए भारी भूस्खलन के बाद प्रशासन ने एहतियातन नौ घरों को खाली कराने के निर्देश दिए हैं। यह घटना कोटली उपमंडल के रोपड़ू गांव में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के चलते हुई।
दारमा घाटी में हिमस्खलन से पर्यटकों को निकाला
धारचूला (पिथौरागढ़), संवाददाता। पंचाचूली ट्रेकिंग के दौरान हिमस्खलन के कारण फंसे 10 पर्यटकों के दल को रविवार को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। पर्यटक सोबला-ढाकर मोटर मार्ग में फंस गए थे, जिन्हें प्रशासन ने एक होम स्टे में ठहराया था। रविवार सुबह सड़क से बर्फ हटाकर पर्यटकों को सुरक्षित धारचूला लाया गया। उच्च हिमालयी क्षेत्र दारमा घाटी में लगातार बर्फबारी के चलते शुक्रवार रात को सोबला-ढाकर मोटर मार्ग पर हिमस्खन हो गया। इससे बालिंग और नागलिंग के बीच छंगला नाला सड़क पर आवाजाही बाधित हो गई।

