16 June 2026

लेखपाल भर्ती की जांच के लिए निकालेंगे मार्च


प्रयागराज। लेखपाल भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं, यूपीएसआई का स्कोरकार्ड, वेटिंग लिस्ट एवं अन्य मांगों को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की है।



सोमवार को शिवाजी पार्क मम्फोर्डगंज में हुई बैठक में छात्रों ने तय किया है कि 18 जून को शिवाजी पार्क मम्फोर्डगंज से तिरंगा मोमबत्ती मार्च निकाला जाएगा। 16 और 17 जून को गोविंदपुर, सलोरी, बघाड़ा, राजापुर, अल्लापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों की लाइब्रेरी, कोचिंग संस्थानों एवं छात्रावासों में जाकर छात्रों से संवाद किया जाएगा। 18 जून को ही सुभाष चौराहे पर छात्र हुंकार महापंचायत की तिथि घोषित की जाएगी। छात्रों की मांग है कि लेखपाल मुख्य परीक्षा में कथित गड़बड़ियों एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यूपीएसआई भर्ती परीक्षा का स्कोरकार्ड जारी कर अभ्यर्थियों के रॉ मार्क्स एवं नॉर्मलाइज्ड मार्क्स सार्वजनिक किए जाएं। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि प्रतियोगी छात्रों के भविष्य, पारदर्शिता और न्याय की लड़ाई है।