बरेली। गर्मी की छुट्टियों के बाद जिले में मंगलवार से सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूल दोबारा खुलने जा रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों को स्कूल खोलने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां अनिवार्य रूप से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पहले दिन स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को रोली और टीका लगाकर प्रवेश दिया जाएगा। शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। मिड-डे-मील में पहले दिन तय मेन्यू के अलावा बच्चों को यथासंभव मीठा भी वितरित किया जाए।
सभी कक्षाओं, फर्नीचर और शौचालयों की साफ-सफाई कराई जाए। परिसर में पीने के साफ पानी की उचित व्यवस्था भी होनी चाहिए। किसी भी जर्जर भवन में पढ़ाई नहीं कराई जाएगी। अगर स्कूल परिसर में कहीं गड्ढे हैं, तो उन्हें तुरंत मिट्टी से भरकर समतल किया जाएगा या जाल से ढकने के लिए कहा गया है।
बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि पहले ही दिन सभी छात्र-छात्राओं को मुफ्त पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। स्कूलों का संचालन उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही किया जाएगा।

