02 October 2026

अच्छी खबर: शिक्षकों की 10 वर्ष बाद होगी पदोन्नति



परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की 10 साल बाद पदोन्नति


लखनऊ,   परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में पिछले 10 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।

बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को निर्देश दिए गए हैं कि वह जिलों में वरिष्ठता सूची तैयार करें। करीब 70 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा। वर्ष 2016 के बाद परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई। परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक या उच्च प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक पद पर प्रोन्नति मिलती है।


कुल 3.30 लाख परिषदीय शिक्षकों में से करीब 70 हजार शिक्षकों को प्रोन्नति का तोहफा मिलेगा। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से सभी जिलों के बीएसए को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने जिलों में पदोन्नति के लिए शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करें। वरिष्ठता सूची तीन सप्ताह में तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।