लखनऊ। वन विभाग शुक्रवार से 8 अक्तूबर तक प्रदेश में वन्यजीव सप्ताह मनाने जा रहा है। इस पूरे सप्ताह पर्यावरण संरक्षण / वन्यजीवों पर प्रतियोगिताएं होंगी। इस अवधि में प्रतिभागी व 12 वर्ष तक के बच्चों का चिड़ियाघरों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
ये भी पढ़ें - डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत पर कोर्ट का स्वतः संज्ञान, पुलिस-प्रशासन से मांगी रिपोर्ट
ये भी पढ़ें - स्पेशल टीईटी नहीं दे सकेंगे शिक्षा मित्र, हाईकोर्ट ने खारिज की 221 शिक्षा मित्रों की याचिका
वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना बरेली में 'वाकथॉन फॉर वाइल्डलाइफ' के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और पशु कल्याण के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान एक तरफ जहां स्कूली छात्रों को जागरूक किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ राज्य पक्षी सारस, राज्य वन्य पशु बारहसिंघा, राष्ट्रीय जलीव जीव डॉल्फिन, सर्प आदि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए अनेक कार्यक्रम किए जाएंगे।
लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर प्राणि उद्यान में विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रामकुमार ने बताया कि वन्य प्राणि सप्ताह के तहत जिले व तहसील स्तर पर विद्यालयों में वन्य प्राणि व उनके संरक्षण को लेकर अनेक कार्यक्रम होंगे। वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्कूली बच्चों की अनेक प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। सरकार के निर्देश पर लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर आदि प्राणि उद्यान में 12 वर्ष तक के स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रवेश भी मिलेगा। बच्चों को स्कूली यूनिफॉर्म में परिचय पत्र के साथ आना होगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लखनऊ चिड़ियाघर में होगा
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्वाल ने बताया कि दो अक्तूबर को सारस प्रेक्षागृह में वन्य प्राणि सप्ताह का शुभारंभ होगा। तीन अक्तूबर से कक्षा 6 से 8, कक्षा 9-10 व 11-12 (तीन वर्गों) में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी। तीन अक्तूबर को बारादरी प्राणि उद्यान में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मास्क मेकिंग प्रतियोगिता, डकपांड विजिटर शेड प्राणि उद्यान में वन्यजीवों के छद्म आवरण व अनुकरण पर चित्रकला होगी। 4 अक्तूबर को प्राणि उद्यान के बारादरी में ‘यदि वन्यजीव बोल पाते तो...’ विषयक नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता होगी। हर विद्यालय की टीम में 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। 5 अक्तूबर को सारस प्रेक्षागृह में वन्य जीव व पर्यावरण संरक्षण पर वाइल्ड लाइफ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। 6 अक्तूबर को फेस पेंटिंग, 7 अक्तूबर को झूला पार्क में वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण पर रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को 8 अक्तूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।


