02 October 2026

जूनियर एडेड स्कूलों में 1800 पदों पर होगी भर्ती


बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जनपदों से जुटाए रिक्त पदों के आंकड़े


प्रयागराज। प्रदेश भर के जूनियर एडेड स्कूलों में करीब 1800 रिक्त पदों पर भर्ती होगी। इसमें प्रधानाध्यापक के करीब 1500 व सहायक अध्यापक के करीब 300 पद शामिल हैं। बृहस्पतिवार देर शाम लगभग सभी जनपदों से प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक के रिक्त पदों के अधियाचन बेसिक शिक्षा विभाग को मिल चुके हैं।

अब बेसिक शिक्षा विभाग अधियाचन का परीक्षण कर इसे निदेशक को भेजेगा। निदेशक की ओर से ऑनलाइन अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब जूनियर एडेड स्कूलों की भर्ती परीक्षा चयन आयोग कराने जा रहा है। इसके पहले परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से यह परीक्षा आयोजित कराई गई थी।

ये भी पढ़ें - परिषदीय शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार किए जाने के संबंध में-आदेश जारी-

ये भी पढ़ें - 📰 अक्टूबर 2026 में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के अवकाश, देखें सामान्य व महिला शिक्षकों हेतु विशेष अवकाश सूची


करीब पांच वर्ष बाद जूनियर एडेड स्कूलों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके लिए लंबे समय से प्रतियोगी छात्र इंतजार कर रहे थे। इसके पहले वर्ष 2021 में प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक के करीब 1800 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। मामला कोर्ट चला गया था। वर्ष 2026 में 65 प्रधानाध्यापक व 622 सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्ति दे दी गई है। शेष पदों पर अभी भी नियुक्ति नहीं हो पाई है। उसके अतिरिक्त अब नए सिरे से भर्ती शुरू हो रही है।

अभिलेख के साथ आएंगे सभी जनपदों के बीएसए

पांच से सात अक्तूबर तक प्रदेश के सभी जनपदों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को बेसिक शिक्षा निदेशालय बुलाया गया है। जिन स्कूलों में रिक्त पद हैं और वहां भर्ती होनी है, इसकी पूरी डिटेल के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलग-अलग तीन दिनों में यहां आएंगे। पूरे प्रदेश की बात की जाए तो अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों की संख्या 3046 है लेकिन इसमें 946 स्कूल ऐसे हैं जो उच्चीकृत किए जा चुके हैं, इसलिए प्रदेश भर के 2100 स्कूलों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया लागू होगी। सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल भर्ती अधिनियम-1978 के सातवें संशोधन-2019 के तहत यह भर्ती प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक पद के लिए पांच वर्ष बाद हो रही भर्ती

प्रदेश के लगभग सभी जनपदों से रिक्त पदों के विवरण आ चुके हैं। वर्ष-2021 के बाद जो पद रिक्त थे उसके विवरण मंगाए गए हैं। तीन अलग-अलग दिनों में सभी बीएसए को समस्त अभिलेखों के साथ बुलाया गया है। इसके बाद पोर्टल आदि तैयार किया जाएगा फिर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को ऑनलाइन भेज दिया जाएगा। -मनोज कुमार द्विवेदी, अपर शिक्षा निदेशक, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग