29 September 2026

मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा होना चाहिए या नहीं? PCS के इंटरव्यू में अभ्यर्थियों के समग्र व्यक्तित्व को जांचने की कोशिश



प्रयागराज,  सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2025 की मुख्य परीक्षा में सफल 2297 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में सोमवार से शुरू हो गए। साक्षात्कार के दौरान माहौल हल्का-फुल्का रहा और औसतन 15 से 25 मिनट तक के इंटरव्यू में अभ्यर्थियों के समग्र व्यक्तित्व को जांचने की कोशिश हुई। एक अभ्यर्थी से कवयित्री समेत हिंदी के कई कठिन शब्द लिखवाए गए। पहले दिन इंटरव्यू बोर्ड ने अभ्यर्थियों से देश-दुनिया के घटनाक्रम पर तो सवाल पूछे ही वर्तमान में सर्वाधिक चर्चित मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर भी प्रश्न पूछा गया। एक अभ्यर्थी से पूछा कि मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा होना चाहिए या नहीं। कुछ व्यक्तिगत प्रश्न भी पूछे गए।



उदाहरण के तौर पर एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यदि वह चयनित हो जाते हैं तो कितना दहेज लेंगे। कुछ अभ्यर्थियों से पूछा कि यदि वे एसडीएम या डीएसपी बनते हैं तो प्रशासन में एआई का बेहतर उपयोग किस प्रकार करेंगे। क्या प्रशासनिक कार्यों के लिए एआई पर पूरी तरह निर्भर हो सकते हैं? होर्मुज के संभावित अवरोध से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ने वाले असर को लेकर प्रश्न पूछे गए। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि किसी क्षेत्रीय संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा जरूरतों पर किस तरह पड़ सकता है और ऐसी स्थिति में भारत की रणनीति क्या होनी चाहिए। साइबर वार और साइबर सिक्योरिटी क्या होती है? कुछ परिस्थिति आधारित प्रश्न भी पूछे गए।


एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि अपनी तहसील में एआई का इस्तेमाल किन क्षेत्रों में करेंगे? एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यदि कोई आरटीआई कार्यकर्ता बार-बार ऐसी सूचना मांगता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा या संप्रभुता के हितों के प्रतिकूल हो अथवा ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के दायरे में आती हो, तो अधिकारी के रूप में आप स्थिति को कैसे संभालेंगे?


कुछ प्रमुख प्रश्न


● आपके क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है। इसके बारे में बताइए। वर्तमान में चीनी मिलों द्वारा किसानों को भुगतान न किए जाने की क्या समस्या है? गन्ना किसानों के भुगतान की समस्या को कैसे हल किया जा सकता है? ई-गन्ना एप क्या है और इसका उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है?


● पारंपरिक, स्वदेशी एवं स्थानीय ज्ञान में क्या अंतर है? कृषि क्षेत्र में तकनीकी प्रगति किस प्रकार हो रही है? नैनो यूरिया का कृषि में क्या उपयोग है? कृषि में ड्रोन का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है?


● उत्तर प्रदेश का सबसे छोटा जिला कौन-सा है, उत्तर प्रदेश के तीन सबसे छोटे जिलों के नाम बताइए। उत्तर प्रदेश में सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाला जिला कौन-सा है?


● वर्तमान में परिवहन क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं क्या हैं और सड़कों पर ई-रिक्शा से संबंधित कौन-कौन सी चुनौतियां हैं। यदि ई-रिक्शा चालक मोटर वाहन अधिनियम और ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं तो अधिकारी के रूप में क्या कार्रवाई करेंगे।


● बेटियों की पढ़ाई छूटने पर क्या करेंगे? बालिकाओं का स्कूल और कालेज में ड्रॉपआउट कम करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं? बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने के लिए किन लोगों को मोटिवेट करेंगे?


मां-पिता के पैर छूकर साक्षात्कार में गए अभ्यर्थी


लोक सेवा आयोग परिसर में पीसीएस 2025 के साक्षात्कार से पहले कई अभ्यर्थियों ने अपने मां-पिता का पैर छूकर आशीष लिया। इसकी रील सोशल मीडिया पर भी वायरल होती रही। अभ्यर्थी से अफसर के बीच के एक कदम का फासला मिटाने पहुंचे सफल छात्रों के लिए सालों की तैयारी के आगे मां-पिता का आशीष किसी मायने में कम नहीं था। इंटरव्यू बोर्ड ने भी साक्षात्कार के बाद अभ्यर्थियों को चाकलेट देकर उनका हौसला बढ़ाया।


महिला खिलाड़ियों की सफलता पर पूछे प्रश्न


जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय महिला खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी सफलता पर भी प्रश्न पूछे गए। महिला सशक्तीकरण, खेल सुविधाओं, सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और सामाजिक बदलाव जैसे पहलुओं पर सवाल पूछे गए।