05 October 2026

मानव संपदा और यू-डायल किसके आंकड़े सही

 कौशाम्बी: यू-डायलस 2026-27 पर दर्ज परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मियों की संख्या, मानव संपदा पोर्टल पर अंकित शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों की संख्या का मिलान करने पर कई विद्यालयों में भिन्नता पाई गई है. निदेशक स्कूल शिक्षा ने बीएसए को पत्र लिखकर दोनों पोर्टल पर दर्ज विवरणों का गंभीरता से सत्यापन करने व जिन कार्मिकों का नाम किसी एक पोर्टल पर दर्ज है, लेकिन दूसरे पर नहीं है, अभिलेखों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है.


जिले के 1049 परिषदीय स्कूलों में करीब नौ हजार शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक कार्यरत हैं. मानव संपदा पोर्टल पर पंजीकृत इन शिक्षकों की संख्या और यू-डायलस पर दर्ज शिक्षकों के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है. कई शिक्षक ऐसे हैं, जिनका विवरण एक पोर्टल पर सक्रिय है, लेकिन दूसरे पोर्टल से गायब है. आंकड़ों में यह असमानता विभाग के लिए चिंता का कारण बन गई है. शासन स्तर पर शिक्षकों की तैनाती, पदों के निर्धारण और विभिन्न विभागीय योजनाओं की रूपरेखा वास्तविक कार्मिक संख्या के आधार पर तैयार की जाती है. ऐसे में दोनों पोर्टल पर अलग-अलग आंकड़े होने से न सिर्फ नियोजन प्रभावित हो सकता है, बल्कि भविष्य में प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है.

मामले को गंभीरता से लेते हुए निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को मानव संपदा पोर्टल और यू-डायलस के आंकड़ों का मिलान कराने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए 15 दिन की समय सीमा तय की गई है. अधिकारियों को दोनों पोर्टल पर दर्ज शिक्षकों के विवरण की बारीकी से जांच कर वजह तलाशने और संशोधन कराने को कहा गया है.

शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने या फिर तैनाती के दौरान मृत्यु हो जाने के कारण पोर्टल की समानता में अंतर आ जाता है। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मियों के विवरण का विद्यालयवार परीक्षण कराया जाएगा। यू-डायलस और मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मिलान कर अंतर की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

—डा. कमलेन्द्र कुशवाहा, बीएसए