26 September 2026

परिषदीय स्कूलों में रसोइयों को बढ़ा मानदेय अक्तूबर में मिलेगा



लखनऊ। परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए मिड डे मील बनाने वाले 3.54 लाख रसोइयों के बैंक खाते में अक्तूबर से बढ़ा मानदेय पहुंचेगा। अभी तक उन्हें 2000 रुपये मासिक मानदेय मिलता था और अब उन्हें 3000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। रसोइयों के बैंक खाते में बढ़ा हुआ मानदेय दिए जाने की व्यवस्था कर ली गई है। बीते दिनों मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन रसोइयों का मानदेय बढ़ाया गया है। सितंबर से ही मानदेय बढ़ोत्तरी को लागू किया गया है।



और यह अक्तूबर में उनके बैंक खाते में आ जाएगी। जिलों में मानदेय का भुगतान जिलाधिकारी के माध्यम से किया जाता है। सभी जिलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि तय समय पर रसोइयों के मानदेय का भुगतान किया जाए। किसी भी कीमत पर देरी न हो। यूपी में 1.42 लाख सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों में पीएम पोषण योजना चलाई जा रही है। कुल 1.46 करोड़ विद्यार्थियों को मिड डे मील परोसा जा रहा है। प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों के भोजन में 450 ग्राम कैलोरी व 12 ग्राम प्रोटीन व उच्च प्राथमिक के छात्रों के भोजन में 700 ग्राम कैलोरी व 20 ग्राम प्रोटीन होना आवश्यक है।