05 May 2026

10 शिक्षकों की सेवा समाप्ति की तैयारी

 बुलंदशहर। पिछले पांच साल से बिना किसी सूचना गायब चल रहे बेसिक शिक्षा विभाग के 13 शिक्षक व कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की तैयारी कर ली है। इनमें 10 शिक्षक और तीन कर्मचारी शामिल हैं। बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी अभी तक इनमें से किसी ने भी जवाब नहीं दिया है। अब ब्लॉकों से बीईओ की रिपोर्ट मिलने के बाद इन सभी की सेवा समाप्ति की फाइल को आगे बढ़ा दिया है।

 

बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया की जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों में लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के बारे में सभी ब्लॉक के बीईओ से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसमें उन शिक्षक और कर्मचारियों को शामिल किया जो पिछले पांच साल से बिना किसी सूचना दिए गायब चल रहे हैं। उन्होंने बताया की 10 शिक्षक ऐसे निकले हैं जो पांच वर्षों से स्कूल नहीं आए हैं और नोटिस का भी कोई जवाब नहीं दिया है। इसके अलावा तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल हैं।

 


उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला कि गायब चल रहे 10 शिक्षक सहायक अध्यापक के महत्वपूर्ण पद पर भर्ती हुए थे। नियुक्ति मिलने के बाद कुछ समय तक तो इन्होंने स्कूलों में शिक्षण कार्य किया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद ये अचानक लापता हो गए।

खास बात यह है कि इन शिक्षकों ने न तो विभाग को कोई इस्तीफा सौंपा और न ही लंबी छुट्टी के लिए कोई प्रार्थना पत्र दिया। विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार पिछले पांच सालों से इनका स्कूलों से कोई वास्ता नहीं रहा है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह शिक्षक किसी दूसरे विभागों में सेवाएं दे रहे हैं।

विभाग ने उन्हें पक्ष रखने के कई अवसर दिए और उनके आवास पर सूचनाएं भेजी गईं, लेकिन न तो किसी शिक्षक ने नोटिस का जवाब दिया और न ही कोई ड्यूटी पर वापस लौटा।

बार-बार दी गई चेतावनियों की अनदेखी के बाद अब विभाग ने मान लिया है कि ये कर्मी सेवा में बने रहने के इच्छुक नहीं हैं। ऐसे में अब विभाग ने इनकी सेवा समाप्ति करने का निर्णय लिया है।