प्रयागराज, । प्रदेश के 125 वित्तविहीन स्कूलों को यूपी बोर्ड से मान्यता मिल गई है। इन स्कूलों के छात्र-छात्राएं 2028 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें से कई स्कूलों को नवीन मान्यता मिली है जबकि कई स्कूलों को इंटर अतिरिक्त वर्ग और विषय की मान्यता दी गई है।
इनमें सर्वाधिक 54 स्कूल प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन 23 जिलों के हैं। जबकि मेरठ के 27, वाराणसी 21, गोरखपुर के 14 और बरेली के नौ स्कूल शामिल हैं। यूपी बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षा 2026 में हाईस्कूल में 21336 जबकि इंटर में 13583 वित्तविहीन स्कूलों के परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिन स्कूलों को मान्यता मिली है उनमें प्रयागराज के बीएनपी समता पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज रिड़िया सरायइनायत, अमरनाथ पटेल शिक्षण संस्थान करछना आदि प्रतापपुर, नेशनल हायर सेकेंड्री स्कूल बांसी चाका, आशा देवी चन्द्रमणि शिक्षण संस्थान जोगिया शेखपुर फूलपुर, द जेनिसिस इंटरनेशनल स्कूल एंड कॉलेज लोहरा, भारत नगर, श्री विक्रमादित्य इंटर कॉलेज करमा, बुजुरगलाल कौशल्या देवी स्मारक पब्लिक स्कूल भगवतपुर, ज्योतिबा राय फुले पब्लिक स्कूल नरसिंहपुर, श्री कालिदास प्यारी देवी उर्मावि बीकापुर हनुमानगंज शामिल हैं।
• 2028 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा से दी गई मान्यता
• प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय से सर्वाधिक 54 स्कूल को हरी झंडी
पांच को सशर्त मान्यता, 13 को कमियां दूर करने के निर्देश
यूपी बोर्ड की मान्यता शर्तों के अनुसार सारे मानक पूरे नहीं करने पर प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के 12 और गोरखपुर के एक कुल 13 स्कूलों के मान्यता प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी है। इन स्कूलों के प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि कमियों को दूर करते हुए संशोधित प्रस्ताव भेजें। इसके अलावा पांच स्कूलों को इस शर्त के साथ मान्यता दी गई है कि जो कमियां हैं उसे दूर करने के बाद ही पठन-पाठन शुरू करेंगे।

