BLO ड्यूटी: मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने के लिए विशेष अभियान आज

लखनऊ : वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटे भारत निर्वाचन आयोग इन दिनों मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी के तहत नाम जोड़ने व काटने के लिए रविवार सात नवंबर को विशेष अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ सभी मतदान केंद्रों पर चलाया जाएगा। अभियान के दौरान एक जनवरी 2022 को जिनकी उम्र 18 वर्ष की हो रही है उन युवाओं को मतदाता बनाने के लिए विशेष फोकस किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला हरदोई जनपद के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे तथा वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।


विशेष दिवस की गतिविधियों का निरीक्षण करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के कई अफसर लगाए गए हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. ब्रह्मदेव राम तिवारी सुलतानपुर एवं अंबेडकरनगर जाएंगे। दूसरे अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय जनपद कौशांबी व तीसरे अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर अयोध्या एवं बाराबंकी जनपद के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। इसी प्रकार विशेष कार्याधिकारी रमेश चंद्र राय लखनऊ जनपद के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी केशव कुमार बुलंदशहर, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष शुक्ला रायबरेली, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव गौतमबुद्ध नगर व सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर¨वद कुमार पाण्डेय गाजियाबाद जनपद में जाकर वहां के मतदान केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे।

नाम जुड़वाने के लिए 30 तक कर सकते हैं आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व नाम कटवाने के लिए दावे और आपत्तियां 30 नवंबर तक ली जाएंगी। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 20 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम प्रकाशन अगले वर्ष पांच जनवरी को होगा।