लखनऊ, । हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गत दिवस बैठक रखी। वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए हुई बैठक में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्क्रीन पर अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा। वीसी में शामिल अधिकारी-कर्मचारी अवाक रह गए। कुछ नहीं सूझा तो आनन-फानन में वीडियो कांफ्रेंसिंग को बंद करना पड़ा।
इस अहम बैठक में विभिन्न जिलों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े थे। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी या किसी की शरारत के चलते स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने लगी। कुछ मिनटों तक चली इस घटना ने सबको असहज कर दिया। अधिकारी इसे तकनीकी समस्या बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डा. पवन कुमार अरुण को इस संबंध में जानकारी के लिए फोन किया गया। वॉट्सएप संदेश भेजा गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डा. विकासेंदु अग्रवाल का कहना है कि मामले में साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म पर यह सामग्री कैसे चली। हालांकि पूरे घटनाक्रम ने सरकारी बैठकों की साइबर सुरक्षा और मॉनीटरिंग सिस्टम की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहे हैं कि इतने संवेदनशील मंच पर इस तरह की घटना कैसे हो गई।

