11 February 2026

मंडल में 2.81 लाख को नौकरी की तलाश

 



● सर्वाधिक 81261 इंटर पास, 67127 स्नातक करने वाले भी खोज रहे नौकरी ● 7455 बीटेक, 3087 एमसीए, 1354 बीबीए-एमबीए करने वाले शामिल

हजारों प्रोफेशनल डिग्रीधारी भी हैं बेरोजगार

लाखों रुपये खर्च करके बीटेक, बीसीए और एमबीए जैसी प्रोफेशनल डिग्री हासिल करने वाले हजारों युवा भी बेरोजगारों की कतार में खड़े हैं। उदाहरण के तौर पर बीटेक करने के बाद 7455 युवाओं की नौकरी की तलाश पूरी नहीं हो सकी है जबकि 3087 एमसीए, 1359 बीसीए और 1354 बीबीए/एमबीए बेरोजगार हैं। 1185 बीफार्मा, 9027 डिप्लोमा, 10251 आईटीआई, 736 एमएड, 10339 बीएड/बीटीसी (डीएलएड) बेरोजगार भी भटक रहे हैं।


तीन दिनी मेले में आएंगी 50 से अधिक कंपनियां

युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के असर उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आठ से दस मार्च तक वृहद मेला लगाया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिर्फ महिला अभ्यर्थियों के लिए मेला लगाया जाएगा, जबकि नौ व दस मार्च को सभी बेरोजगार मेले में शामिल हो सकेंगे। कार्यालय के वरिष्ठ सहायक एवं मेला पटल प्रभारी मारूफ अहमद के अनुसार विभिन्न क्षेत्र की प्रतिदिन 20-20 कंपनियां मेले में आएंगी। इसकी सूचना पंजीकृत बेरोजगारों के मोबाइल पर भी भेजी जाएगी।


प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। प्रतियोगी छात्रों के शहर प्रयागराज में बीटेक, एमबीए और एमसीए जैसी प्रोफेशनल डिग्री रखने वाले हजारों बेरोजगारों को नौकरी की तलाश है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के पोर्टल पर वर्तमान में प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर के 281475 बेरोजगार पंजीकृत हैं। इनमें से एक तिहाई से अधिक 218997 (77.80 प्रतिशत) पुरुष, जबकि 62478 (22.20 फीसदी) महिलाएं हैं।


पंजीकरण कराने वालों में सबसे अधिक 81261 बेरोजगारों ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। उसके बाद 67127 स्नातक हैं, जबकि 54615 सिर्फ हाईस्कूल पास हैं। 13904 अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने हाईस्कूल से भी कम पढ़ाई की है। परास्नातक के बाद एक अदद नौकरी की तलाश करने वाले बेरोजगारों की संख्या 19775 है।