लखनऊ। प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया गया है। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सभी विद्यालयों में विशेष इंतजाम लागू किए जा रहे हैं। वहीं मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण सुरक्षा पर फोकस करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को स्कूलों में ओआरएस, ग्लूकोज, इलेक्ट्रोलाइट्स, आयरन की गोलियों और प्राथमिक उपचार किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्याह्न भोजन में पोषण और स्वास्थ्य पर फोकस
कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए आयरन की पिंक गोलियां वितरित करने को कहा गया है। जबकि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयरन की नीली गोलियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पोषण और स्वास्थ्य पर फोकस आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसे केवल भोजन तक सीमित न रखकर अच्छे स्वास्थ्य के प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग करने पर है। इसी तरह लू से बचाव के लिए धूप व खुले में कोई गतिविधि न कराने, पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस व तरल पदार्थ लेने, हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनने, चक्कर, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा लेने के निर्देश दिए गए हैं।

