28 April 2026

ई-अधियाचन पोर्टल नहीं हो सका लाइव,नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया अटकी, अध्यक्ष ने कहा-....


प्रयागराज। प्रदेश के सहायता प्राप्त (एडेड) के 4,512 व माध्यमिक विद्यालयों के 23,213 पदों के लिए अधियाचन लेने के लिए तैयार किया गया ई-अधियाचन पोर्टल अभी तक शासन स्तर से लाइव नहीं हो सका है। इससे भर्ती प्रक्रिया अटकी हुई है।

​शिक्षा निदेशालय के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए कुल 23,213 पदों का अधियाचन अपलोड किया जाना है। इनमें निम्नलिखित पद शामिल हैं:

​इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य: 1502 पद

​हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक / प्रधानाचार्य: 1003 पद

​प्रवक्ता (PGT): 2705 पद

​सहायक अध्यापक (TGT): 16114 पद

​संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक: 1889 पद

अध्यक्ष ने कहा- हमारी तैयारी पूरी, पोर्टल लाइव होते ही विज्ञापन होगा जारी

​पोर्टल लाइव होते ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधियाचन प्रक्रिया का परीक्षण कर निदेशालय को रिक्त पदों का विवरण अपलोड करने की संस्तुति देगा। इसके बाद निदेशालय विभिन्न पदों के लिए अधियाचन पोर्टल पर अपलोड करेगा। अधियाचन अपलोड होने के बाद आयोग तकनीकी परीक्षण कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विज्ञापन जारी करने की तैयारी करेगा।

​उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार का कहना है कि आयोग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। पोर्टल लाइव होते ही आयोग परीक्षण कर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। इसके लिए निर्देश जारी किया गया है।