ई-आफिस प्रणाली लागू करने में पुलिस महकमा लापरवाह

 लखनऊ। फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण करने और पुलिस कर्मियों के विभागीय कामों में तेजी लाने के लिए ई-आफिस प्रणाली को पूरी तरह से लागू करने में लापरवाही बरती जा रही है। महकमे की 50 प्रतिशत शाखाओं में नाममात्र ई-आफिस प्रणाली का इस्तेमाल हो रहा है। 10 प्रतिशत शाखाएं ऐसी हैं, जिनमें यह व्यवस्था अभी शुरू ही नहीं की गई है। पुलिस मुख्यालय ने इसकी रिपोर्ट तैयार की तो यह तथ्य सामने आए। इसके बाद ही 25 फरवरी को आईजी भवन-कल्याण आरके भारद्वाज ने सभी विभागों को इस सम्बन्ध में पत्र भेजा है। इस पत्र में लिखा है कि कई शाखाओं में ई-आफिस प्रणाली शुरू ही नहीं की गई है। इसमें सुधार की जरूरत है। उन्होंने खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार कारणों को भी बताया है।

 रिपोर्ट में आठ जोन में लखनऊ, मेरठ, गोरखपुर, आगरा जोन का प्रदर्शन अच्छा बताया गया है। कानपुर, प्रयागराज, बरेली, वाराणसी जोन में सुधार की जरूरत है। 18 रेंज में लखनऊ, मेरठ, आगरा तथा सहारनपुर परिक्षेत्र का प्रदर्शन अच्छा है। झांसी और कानपुर परिक्षेत्र में नगण्य उपयोग है। बरेली, आजमगढ़ रेंज ने काम नहीं शुरू किया है। 67 जिलों में कन्नौज, रामपुर, सहारनपुर व रायबरेली का प्रदर्शन अच्छा है। 57 जिलों में सुधार की जरूरत है। शेष छह जिलों बरेली, गोरखपुर, बहराइच, चित्रकूट, कानपुर देहात व सीतापुर में काम ही नहीं शुरू हुआ है। फतेहपुर में अभी भी ई-ऑफिस पर मैप नहीं हुआ है।

ई-आफिस के इस्तेमाल में टॉप 10 कार्यालय (मेरिट वार)

मेरठ जोन, पुलिस मुख्यालय, आईजी रेंज लखनऊ, एसपी रामपुर, एसपी कन्नौज,गोरखपुर जोन, लखनऊ जोन, आगरा जोन, मेरठ रेंज और पुलिस आयुक्त लखनऊ।


नगण्य इस्तेमाल करने वाले 10 कार्यालय

अग्निशमन मुख्यालय, विशेष जांच, एसीओ मुख्यालय, पुलिस आयुक्त कानपुर नगर, पुलिस आयुक्त प्रयागराज,बरेली रेंज, आजमगढ़ रेंज,एसपी गोरखपुर, एसपी चित्रकूट,एसपी सीतापुर।