हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 January 2023

टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पोर्टल खोलने की मांग पर अड़े प्रतियोगी


प्रयागराजः उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) भर्ती-2022 के लिए 4163 पदों का विज्ञापन तो जारी कर दिया, लेकिन परीक्षा तिथि घोषित नहीं की है। प्रतियोगी छात्रों के दो गुटों ने चयन बोर्ड के दोनों गेटों के बाहर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती में कम पद देखते हुए और अधियाचन के लिए पोर्टल खोलने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्र मोर्चा की अगुवाई में छात्र- छात्राएं प्रचंड सर्दी में भी क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। उधर, प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधि मंडल ने विज्ञापन में सीटों की वृद्धि, मंडल स्तर पर परीक्षा आयोजन और परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग को लेकर दूसरे गेट पर क्रमिक अनशन किया है।

प्रतियोगी छात्र मोर्चा अध्यक्ष विक्की खान ने कहा कि टीजीटी- पीजीटी 2022 के भर्ती विज्ञापन में सीटों की संख्या में अगर वृद्धि नहीं हुई तो विरोध और प्रबल होगा। यह क्रमिक अनशन तभी समाप्त होगा, जब तक अधियाचन के लिए पुनः पोर्टल खोल नहीं दिया जाता। प्रतियोगी छात्रों के दबाव में नौ सदस्यीय शिष्टमंडल को सचिव नवल किशोर ने वार्ता के लिए बुलाया जरूर, लेकिन चेयरमैन वीरेश कुमार के नहीं होने से वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकला । शिष्टमंडल में विक्की खान सहित विष्णु तिवारी, कृपाशंकर निरंकारी, राजेश कुमार बालाजी शामिल रहे। उधर, प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधि मंडल के सदस्य शीतला प्रसाद ओझा ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती अनशन से नहीं हटेंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more