हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

03 January 2026

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की 17-18 की परीक्षा तिथि पर आपत्ति


प्रयागराज,  । संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 17 और 18 जनवरी को प्रस्तावित एलटी ग्रेड सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा पर आपत्ति जताई है। मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने बताया कि इन तिथियों को लेकर पहले भी आयोग से पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन परीक्षा में केवल पंद्रह दिन शेष रहने के बावजूद अब तक कोई सकारात्मक सूचना सार्वजनिक नहीं की गई है।



छात्रों का कहना है कि प्रयागराज में मौनी अमावस्या सहित प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंचते हैं। स्नान पर्व से पहले ही शहर में भारी भीड़ का आगमन शुरू हो जाता है, जिससे यातायात, ठहराव और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। ऐसे में इसी अवधि के दौरान बड़ी परीक्षाएं आयोजित करना न केवल अव्यावहारिक है, बल्कि परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण भी हो सकता है।


यह भी आरोप लगाया कि वर्षों बाद घोषित की गई इन परीक्षाओं की तिथियां जल्दबाजी में तय की गई हैं, जिससे छात्रों को मानसिक और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। प्रतियोगी छात्रों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग करते हुए श्रद्धालुओं और परीक्षार्थियों दोनों की सुविधा को ध्यान में रखकर 17 और 18 जनवरी की परीक्षाएं टालने का आग्रह किया है। साथ ही छात्रों ने घोषणा की है कि पांच जनवरी को वे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के गेट नंबर-2 पर पुनः पहुंचकर जिम्मेदार अधिकारियों से वार्ता करेंगे और आयोग अध्यक्ष से परीक्षा तिथियों पर गंभीर पुनर्विचार करने का अनुरोध करेंगे, ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more