08 February 2026

बच्चों को स्कूलों में मिलेगा पसंदीदा किताब पढ़ने का समय

 

लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों में - पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए नई व्यवस्था की जा रही है। अब बच्चों को उनकी पसंद की किताबें - पढ़ने के लिए रोज समय दिया जाएगा। इसके साथ ही स्कूलों में अलग-अलग - पढ़ने से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी, ताकि बच्चों की सोच और समझ विकसित हो सके।



बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए हैं। उन्होंने

कहा कि स्कूलों में बच्चों के स्तर के अनुसार कहानी की किताबें और पढ़ने की सामग्री पहले से उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षकों को चाहिए कि बच्चों को रोज पढ़ने के लिए प्रेरित

करें और इसे उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।


उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षक नियमित रूप से बच्चों की कार्यपुस्तिकाएं जांचेंगे और उन्हें समझाने वाला फीडबैक देंगे। हर सप्ताह एक दिन बच्चों से मैंने क्या सीखा का मूल्यांकन भी किया जाएगा। साथ ही बच्चों की पढ़ाई से जुड़े आंकड़ों की समीक्षा बैठकों में चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य है कि बच्चे पढ़ने में निपुण बनें और उनमें सीखने की रुचि बढ़े। ब्यूरो