शिक्षा और सरकारी सेवाओं में भर्ती तथा सेवा नियमों को लेकर इन दिनों कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच नई बहस शुरू हो गई है। चर्चा इस बात की हो रही है कि यदि शिक्षकों पर टीईटी (TET) जैसी पात्रता परीक्षाएं लागू की जा सकती हैं, तो भविष्य में अन्य विभागों में भी नौकरी के दौरान दोबारा परीक्षा पास करने का नियम लागू किया जा सकता है।
कर्मचारियों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में डॉक्टरों को फिर से NEET जैसी परीक्षा देनी पड़ सकती है, वहीं प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों को IAS, PCS, PCS-J जैसी परीक्षाओं से दोबारा गुजरना पड़ सकता है। इसी तरह शिक्षा विभाग में TGT और PGT शिक्षकों के लिए भी पुनः परीक्षा की व्यवस्था लागू होने की संभावना की चर्चा हो रही है।
कुछ कर्मचारियों का कहना है कि यदि ऐसा नियम लागू हुआ तो 50-55 वर्ष के अनुभवी कर्मचारी भी 20-22 वर्ष के युवाओं के साथ बैठकर परीक्षा देने के लिए मजबूर हो सकते हैं, क्योंकि नौकरी बचाने के लिए परीक्षा पास करना अनिवार्य हो जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर कर्मचारी संगठनों और शिक्षकों के बीच चिंता का माहौल है। कई लोग इसे सेवा सुरक्षा के लिए चुनौती मान रहे हैं और समय रहते सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की अपील कर रहे हैं।
हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस तरह का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन कर्मचारियों के बीच इस विषय को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

