भटहट, । क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को 'दी अक्षयपात्रा फाउंडेशन' की अत्याधुनिक रसोई से गरमा गरम भोजन वितरण 5 मार्च से शुरू करा दिया गया है। शुक्रवार को भी समयानुसार, वाहन से गरम भोजन स्कूलों तक पहुंचाया गया। इसके बाद बच्चों में मीनू के अनुसार (तहड़ी व खीर) भोजन वितरण किया गया। क्षेत्र के 92 स्कूलों में भोजन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश हुए हैं। जबकि 90 स्कूलों में भोजन का वितरण शुरू हो पाया है। शेष दो विद्यालयों में कुछ कारणों से भोजन नहीं वितरण हो सका है। स्कूलों में इस नई व्यवस्था से बच्चों को गरम और स्वादिष्ट भोजन मिलना शुरू हो गया है।
भोजन गरम होने के साथ ही उचित पोषण का भी ध्यान रखा जाता है।क्षेत्र के मोहम्मद बरवां के प्रधानाध्यापक गणेश सिंह ने बताया कि समय से बच्चों को पोषण युक्त गरम भोजन मिल रहा है। वहीं शिक्षकों को भोजन बनवाने के लिए भोजन सामग्री खरीदने के साथ ही कोटेदारों का चक्कर लगाना पड़ता था। इससे मुक्ति मिल गयी है। शिक्षक बच्चों को पढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। इससे शिक्षकों में उत्साह है। संस्था के भोजन वितरण इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि संस्था के सेंट्रलाइज्ड किचन (केंद्रीय रसोई) से विशेष वाहनों के जरिए निर्धारित समय पर स्कूलों तक निर्धारित समय तक गरम भोजन पहुंचाया जा रहा है।

