सर्दी का सितम: सबसे सर्द सुबह के बाद यूपी में रेड अलर्ट जारी, अगले 3 दिन चलेंगी बर्फीली हवाएं

 यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, कश्मीर व उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है। मंगलवार को कई इलाकों में कोहरा और शीत लहर का प्रकोप रहा। मौसम विभाग ने यूपी में बुधवार के लिए कड़ाके की सर्दी का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ में मंगलवार रात घना कोहरा छाया रहा। शहर में सोमवार रात सबसे सर्द रही। न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में एक या दो स्थानों पर शीतलहर चलने के आसार हैं। पूर्वांचल में एक या दो स्थानों पर पाला पड़ने की भी आशंका है। इस दरम्यान पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी अंचल में कई स्थानों पर घने से बहुत घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं।




तीन दिन तक बर्फीली हवाओं से राहत के आसार नहीं

लगातार पछुआ हवा के प्रभाव ने लखनऊ समेत मैदानी इलाकों में गलन अत्यधिक बढ़ा दी है। मंगलवार की रात सीजन की सबसे सर्द रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शीतलहर की अधिकारिक घोषणा कर दी। कहा है कि फिलहाल दो से तीन दिनों तक इससे राहत मिलने के आसार नहीं हैं।


मंगलवार सुबह बेहद घने कोहरे के साथ हुई। दृश्यता इतनी कम थी कि पांच मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। 10 बजे कोहरा छंटा और धूप निकली। दोपहर बाद फिर बर्फीली हवा ने असर दिखाना शुरू कर दिया। दिन में अधिकतम पारा 18.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.0 डिग्री कम था। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार बर्फीले इलाकों से आ रही उत्तरी-पश्चिमी हवा ने असर दिखाया जिससे न्यूनतम पारा इतना नीचे आ गया।



तीन दिन गलन, रातें और ठंडी होंगी

मौसम विभाग के अनुसार निचले वायुमंडल में हो रहे घने कोहरे की वजह से रात का तापमान नीचे जाएगा। दिन में शीत दिवस की स्थिति तीन दिन रह सकती है। विक्षोभ से मौसम में परिवर्तन आने का पूर्वानुमान है।


घने कोहरे के कारण पांच उड़ानें निरस्त

रात से सुबह 9 बजे तक दृश्यता बेहद कम होने का असर उड़ानों पर पड़ा। लखनऊ से जेद्दा, वाराणसी, मुम्बई की कुल पांच उड़ानें निरस्त हुईं, जबकि 25 उड़ानें तय समय से लेट हुईं। रनवे पर दृश्यता बेहद कम होने से सुबह कुछ समय केलिए कोई विमान उतर नहीं सका। न कोई उड़ान भर पाया।


मंगलवार को जेद्दा से लखनऊ की उड़ान एसवी 890 निरस्त कर दी गई। वाराणसी लखनऊ 6ई7739, मुंबई लखनऊ 6ई-2341, लखनऊ वाराणसी 6ई 7741 और लखनऊ मुंबई 6ई-5141 निरस्त रहीं। जनवरी में दूसरी बार 20 से अधिक विमान लेट हुए। आज बंगलुरु लखनऊ 6ई-6353 ढाई घंटे, नागपुर-लखनऊ 6ई-7467 सवा तीन घंटे, इन्दौर लखनऊ 6ई-7127 ढाई घंटे लेट रही। गोरखपुर लखनऊ के बीच की उड़ान 9 आई 809 भी साढ़े तीन घंटे लेट रही। इनके अलावा लखनऊ रांची, लखनऊ गोवा, लखनऊ मस्कट, लखनऊ कोलकाता, लखनऊ हैदराबाद, लखनऊ इन्दौर, लखनऊ मुम्बई समेत कुल दो दर्जन उड़ानें लेट रहीं।



शीतलहर से घटेगी पैदावार

कानपुर के कृषि विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक शीतलगर से गेहूं के पौधे बौने हो रहे हैं। आलू को झुलसा जकड़ रहा है। तिलहन भी प्रभावित है।


गोरखपुर में  सीजन की सबसे सर्द सुबह, कांपे लोग

पूर्वी यूपी में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मकर संक्रांति के बीत जाने के बावजूद पारा लगातार नीचे लुढ़क रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। यह सीजन का और इस वर्ष का सबसे ठंडा दिन रहा। महानगर में मौसम अभी राहत देने के मूड में नहीं है। सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। पारा लगातार नीचे लुढ़क रहा है। सोमवार को हुई धूप ने चढ़ते पारे के आसार दिखाए थे। इसके बावजूद मंगलवार को मौसम का मिजाज सर्द हो गया। न्यूनतम तापमान ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। सुबह की शुरुआत ही गलन और बर्फीली हवाओं से हुई है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण गलन बढ़ गई। लोगों को गलन का अहसास हुआ।



जेट स्ट्रीम से बदला है मौसम का मिजाज 

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ऊपरी वायुमंडल पर करीब 150 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम के कारण मौसम का मिजाज बदला है। बताया जा रहा है कि ऊपरी वायुमंडल पर यूरोप की तरफ से तेज ठंडी हवाएं आ रही है। इन हवाओं की रफ्तार 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की है। इन हवाओं को जेट स्ट्रीम कहा जाता है। इसका असर समूचे उत्तर भारत में है। यह सर्द हवाएं निचले वायुमंडल में प्रवेश कर रही हैं। जहां हिमालय से टकराकर हवाएं मैदानी इलाकों को सर्द कर रही है। इसके कारण पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।


ठिठुरते स्कूल पहुंचे बच्चे

प्रशासन के आदेश पर पिछले 25 दिनों से बंद रहे स्कूल मंगलवार को खुले। इस सीजन के सबसे ठंडे दिन ठिठुरते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे। हालांकि कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों की उपस्थिति स्कूलों में कम रही। दोपहर 12 बजे के बाद निकली धूप से कुछ राहत जरूर मिली।


3.3 डिग्री लुढ़का पारा

पिछले पांच दिनों ने न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस कम था। मंगलवार को इसमें जबरदस्त गिरावट हुई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और नीचे लुढ़क का चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस कम है। पूर्वी यूपी में इन दिनों औसतन न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस होता है।


दोपहर में धूप ने दी राहत

जेट स्ट्रीम का असर अभी तीन दिनों तक बना रहेगा। सोमवार को दोपहर में कुछ देर के लिए सूरज निकला था। मंगलवार को दोपहर में एक बार फिर सूरज निकला। सूरज की तपिश सोमवार के मुकाबले अधिक रही। इससे दिन का तापमान उछल कर 16.6 डिग्री हो गया।