मोदी मंत्रिमंडल में यूपी से दस मंत्री बनाए गए




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे मंत्रिमंडल में यूपी से दस मंत्रियों को जगह मिली है। इसमें लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हरदीप पुरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है जबकि एक स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाए गए हैं। अन्य सात मंत्रियों को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। मोदी मंत्रिमंडल में यूपी से तीन नए चेहरे शामिल किए गए हैं, इनमें कीर्तिवर्धन सिंह, कमलेश पासवान, जयंत चौधरी शामिल हैं।





पूर्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को तीसरी बार मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। वर्ष 2014 में राजनाथ सिंह गृहमंत्री रह चुके हैं, जबकि वर्ष 2019 में उन्हें रक्षा मंत्री बनाया गया था। इसके अलावा हरदीप पुरी को एक बार फिर बतौर कैबिनेट मंत्री मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से चौधरी चरण सिंह के पौत्र जयंत चौधरी को पहली बार केंद्रीय मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। वह स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाए गए हैं। उनके पिता स्व. चौधरी अजित सिंह कई बार केंद्रीय मंत्री रहे। उनके दादा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।

सात राज्यमंत्री बनाए गए इसके अलावा सात राज्यमंत्री बनाए गए हैं। इनमें जितिन प्रसाद, पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, एसपी सिंह बघेल, बीएल वर्मा, कीर्तिवर्धन सिंह और कमलेश पासवान शामिल हैं। इसके अलावा यूपीए दो व एक में कांग्रेस के मंत्री रहे जितिन प्रसाद को राज्यमंत्री बनाया गया है। जितिन प्रसाद यूपी में एमएलसी थे और वह योगी सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री थे। वह कांग्रेस की यूपीए सरकार में मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री रह चुके हैं। साथ ही उन्होंने इस्पात व पेट्रोलियम राज्यमंत्री का भी कार्यभार संभाला था। पंकज चौधरी पिछली सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, अनुप्रिया पटेल वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री, एसपी सिंह बघेल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री, राज्यसभा सांसद रहे बीएल वर्मा उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास एवं सहकारिता राज्यमंत्री थे।

पहली बार तीन नए मंत्री गोण्डा से लगातार पांचवीं बार सांसद कीर्तिवर्धन सिंह को पहली बार केंद्रीय मंत्री बनाया गया है। इसी तरह पूर्वांचल की बांसगांव सीट से लगातार चौथी पार सासंद चुने गए कमलेश पासवान को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। जयंत चौधरी भी पहली बार मंत्री बने हैं।