प्रयागराज : यूं तो बच्चों को शिक्षित
और संस्कारित बनाने के लिए कई सरकारी अभियान चल रहे हैं। हाल ही में शिक्षा विभाग ने उन डेढ़ लाख से अधिक बच्चों की सुध ली है, जो पिछले सत्र से गुम हैं। वे कहां है, इसका पता लगाने की मुहिम शुरू हो चुकी है। एक अप्रैल से सभी परिषदीय स्कूलों में स्कूल चलो अभियान शुरू हो रहा है। इसमें अधिक से अधिक बच्चों का पंजीयन स्कूलों में कराने का प्रयास शिक्षक करेंगे। इसके लिए जागरूकता रैली सहित विभिन्न आयोजन कराने की तैयारी है।
वर्तमान में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में लगभग 150660 बच्चे यू डायस (विद्यालय व बच्चों की विवरण तालिका) के ड्रापबाक्स (बच्चों की प्रगति तालिका) में दिखाई दे रहे हैं। सभी का नामांकन स्कूल चलो अभियान के तहत कराया जाना है।
शिक्षक अपने विद्यालय क्षेत्र के बच्चों
और उनके अभिभावकों से संपर्क करेंगे। विद्यार्थियों तक पहुंचने व अधिक से अधिक बच्चों के पंजीयन के लिए शारदा एप पर नवविकसित माड्यूल जोड़ा गया है। इस पर क्लिक करते ही ड्रापआउट बच्चे प्रदर्शित होंगे। प्रयागराज में करीब 30 हजार विद्यार्थी ड्राप बाक्स में हैं। उन्हें चिह्नित करते हुए विद्यालय तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बीएसए अनिल कुमार ने कहा स्कूल चलो अभियान का पहला चरण 15 अप्रैल तक चलेगा। दूसरा चरण एक जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। छह से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को निश्शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
यू डायस के ड्राप बाक्स के बच्चों को भी स्कूल से जोड़ना है। ड्राप बाक्स के बच्चे यदि विद्यालय में नामांकित है तो वास्तविक स्थिति एप के माध्यम से अपडेट करना है।

