02 May 2026

अब 30 जून तक अपने सहायक के साथ परीक्षा दे सकेंगे दिव्यांग

 प्रयागराज : रेलवे की नौकरियों की तैयारी कर रहे देश के लाखों दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय ने रेलवे की परीक्षाओं में दिव्यांगों के लिए होने वाले बड़े बदलावों को फिलहाल 30 जून तक के लिए टाल दिया है। रेलवे की आगामी आरआरबी एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट (सीबीटी-वन) परीक्षा, असिस्टेंट लोको पायलट और जूनियर इंजीनियर परीक्षा में दिव्यांग अपने सहायक के साथ परीक्षा दे सकेंगे।

रेलवे ने भर्ती परीक्षा को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए नए नियम बनाए हैं। जिसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपना ‘स्क्राइब’ (सहायक) लाने के बजाय, परीक्षा एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए ‘स्क्राइब पूल’ से मदद लेनी होगी। यानी रेलवे के पैनल से सहायक चुना जाएगा। साथ ही, तकनीक और विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग करना होगा। नई व्यवस्था में एजेंसी द्वारा सहायक देने का प्रावधान है, जिसकी तैयारी अभी पूरी नहीं है। अभ्यर्थियों को मिलने वाला प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय पहले की तरह जारी रहेगा।

देश भर के परीक्षा केंद्रों पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी ‘स्क्राइब पूल’ तैयार करने में समय लग रहा है, जिसके चलते 30 जून तक नया नियम लागू नहीं होगा। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक थंगजाम राकेश कुमार द्वारा 30 अप्रैल को जारी यह आदेश सभी जोनल रेलवे और भर्ती बोर्डों को भेज दिया गया है। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड के निर्देश के क्रम में दिव्यांगों को परीक्षा में पूर्ववत सुविधा मिलती रहेगी।