UpdateMarts•Com
Follow Channel

20 May 2023

बोरी न उठा सकी तो शिक्षक ने छात्रा को जूते से पीटा


अमृत विचार । प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ने पुट्टी की बोरी न उठा पाने पर छह वर्षीय छात्रा को जूते से पीट दिया। बच्ची ने घर पहुंच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी तो छात्रा के पिता ने थाने पहुंच कर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने शिक्षिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।


थाना क्षेत्र के अखत्यारपुर गांव निवासी ताहिर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी दो बेटियां शिफा ( 9 ) व जेबा (6) अख्तियारपुर प्राथमिक विद्यालय में क्रमश: कक्षा चार व कक्षा दो में पढ़ती हैं। गुरुवार को छुट्टी के बाद घर लौटने पर जेबा ने बताया कि स्कूल में पढ़ाने वाले गौरव सर ने पुट्टी की बोरी उठाने को कहा था। बोरी न उठा पाने पर गौरव सर ने जूते से जेबा की पिटाई कर दी। बेटी के गाल पर जूते का निशान देख पिता उसे लेकर थाने पहुंचा। बच्ची ने यह भी बताया कि मास्टर ने किसी से शिकायत करने पर स्कूल से भगाने व जान से मारने की धमकी भी दी।


वहीं इस मामले में आरोपी शिक्षक का कहना पुट्टी की बोरियां रखते समय जेबा दरवाजा बाहर से बंद करने लगी उसने जल्दबाजी में दौड़कर दरवाजा खोला जिससे जेबा गिरकर घायल हो गई। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।


इस मामले में बीएसए संजय तिवारी का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गयी है। आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more