हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

23 May 2023

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे स्कूल


प्रतापगढ़। जिले के परिषदीय स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए आपरेशन कायाकल्प शुरू किया था। इसके तहत 464 पुराने स्कूलों में चहारदीवारी, बालक-बालिका शौचालय, विद्युतीकरण और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। अगले माह से इन स्कूलों में निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा विभाग के 464 स्कूल ऐसे हैं, जो काफी पुराने हैं। इन स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं नहीं हैं। विभाग ने ऐसे स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए ऑपरेशन कायाकल्प योजना प्रारंभ की थी.

इसके तहत जिले के 316 स्कूलों में चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। जिसके लिए 13.96 लाख रुपये स्कूलो में मरम्मत के लिए दिए गए हैं। बालकों के लिए शौचालय निर्माण में 1.58 करोड़ रुपये और 129 स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय का निर्माण कराने में 1.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 259 स्कूलों में विद्युतीकरण कराने के लिए 84.76 लाख रुपये का बजट दिया गया है। 35 स्कूलों में रनिंग वाटर की व्यवस्था करने के लिए 42 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। 20 साल पुराने स्कूल भवनों की मरम्मत कराने और रंग-रोगन कराने के लिए 81.45 लाख रुपये का बजट दिया गया है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत एक बड़ी धनराशि स्कूलों में खर्च होने से काफी बदलाव आने की संभावना है। फिलहाल अधिकारियों का दावा है कि अगले माह बजट मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।



ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 464 स्कूलों में वह सब सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है, जो अभी तक नहीं थीं। जून माह में धनराशि मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। प्रदीप कुमार यादव, डीसी निर्माण, बेसिक शिक्षा विभाग

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more