हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

16 August 2024

विद्या समीक्षा केंद्र की तर्ज पर माध्यमिक में भी शुरू होगा टोल फ्री नंबर



लखीमपुर। प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाएं बेहतर करने व गुणवत्ता को बेहतर करने के लिए चल रहे विद्या समीक्षा केंद्र की तर्ज पर जल्द ही माध्यमिक शिक्षा विभाग में भी एक टोल फ्री नंबर की सुविधा शुरू होगी। इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से माध्यमिक स्कूलों से संबंधित समस्याओं की सूचना, फीडबैक और इनपुट दिया जा सकेगा।


 प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए विद्या समीक्षा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। पिछले दिनों इसके लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया था। इसके सफल प्रयोग के बाद अब माध्यमिक शिक्षा में भी इस नंबर को शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। इस नंबर का प्रयोग माध्यमिक शिक्षा से संबंधित जानकारी, प्रतिक्रिया व प्रश्न साझा करने के लिए होगा। 



टोल फ्री नंबर को इस हिसाब से विकसित किया जाएगा कि इसमें आम जनता, अभिभावक, पंजीकृत छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों की शंकाओं का निस्तारण तथा उनसे प्राप्त फीडबैक व इनपुट लिया जा सकेगा। इसे आईवीआर सिस्टम के साथ इंटीग्रेशन, सेम नंबर पर पैरलल चैनल, कॉल वेटिंग व मैसेज सुविधा, 24 घंटे, सातों दिन कॉल की डिटेल रिपोर्टिंग जैसी सुविधाओं से युक्त होगी। इस प्रणाली को वॉइस टिकटिंग, वॉइस ट्रैकिंग, वेब इंटरफेस, लाइव कॉल डैशबोर्ड, वॉइस मेल, कॉल लॉग, मल्टी लैंग्वेज सपोर्ट, एसएमएस नोटिफिकेशन जैसी सुविधाओं से भी युक्त किया जाएगा। टोल फ्री नंबर के प्रयोग व संचालन की प्रक्रिया को पूरा करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सिस्टम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीडेस्को) को दी गई है। बताया जा रहा है कि यूपीडेस्को द्वारा इसके लिए एजेंसी निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही टोल फ्री नंबर के जरिए अब माध्यमिक के शिक्षक टेक्निकल समस्याओं का हल पा सकेंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more