हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

15 March 2025

बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी के बाद शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, मौत

 

राजकीय इंटर काॅलेज गुरमुरा में मंगलवार को बोर्ड परीक्षा के दौरान एक कक्ष निरीक्षक की तबीयत बिगड़ने के कुछ देर बाद मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। 







पहली पाली की ड्यूटी पूरी के कुछ देर बाद ही उन्हें सीने में तेज दर्द उठा था। घटना से कुछ देर पहले उन्होंने अपनी पत्नी से भी बात की थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 




मूल रूप से फतेहपुर जिले के निवासी रामनरेश (35) चोपन ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बैरपुर में तैनात थे। मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में उनकी ड्यूटी राजकीय इंटर कॉलेज गुरमुरा (परासपानी) के कमरा नंबर 21 में कक्ष निरीक्षक के रूप में लगी थी। 




परीक्षा संपन्न होने के बाद दोपहर करीब एक बजे उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठने लगा। प्रधानाचार्य दिल मुहम्मद ने बताया कि तत्काल प्राइवेट वाहन से उपचार के लिए चोपन सीएचसी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शिक्षक रामनरेश की मौत हो गई। घटना से शिक्षकों में शोक छा गया है। चोपन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 




पिता का भी हार्ट अटैक से हुआ था निधन 


इंटर कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात अन्य शिक्षकों के मुताबिक रामनरेश के सीने में तेज दर्द उठना शुरू हुआ तो वह घबरा गए थे। अचानक से तबीयत बिगड़ गई और माथे से पसीना आने लगा। इस बीच रामनरेश ने शिक्षकों से कहा कि उनकी पारिवारिक हिस्ट्री रही है। पिता की मौत भी हार्ट अटैक से हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी से भी फोन पर वार्ता की। 




24 घंटे में दूसरी घटना 


पिछले 24 घंटे में हार्ट अटैक से मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के सहायक सांख्यिकी अधिकारी अभिषेक सिंह की सोमवार को मौत हो गई थी। उन्हें भी सीने में तेज दर्द हुआ और कुछ देर बाद उनकी जान चली गई। अभिषेक की उम्र भी महज 32 वर्ष थी। महज 30-35 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से लोग सकते में हैं।




Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more