हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

27 December 2025

प्रदेश भर के 32106 शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स के लिए किया आवेदन


प्रदेश भर के 32106 शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स के लिए किया आवेदन 


प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश में बीएड के आधार पर प्राथमिक स्कूलों में चयनित 32106 सहायक अध्यापकों ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से छह माह के ब्रिज कोर्स के लिए आवेदन किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनआईओएस ने देशभर में 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पहले प्राथमिक स्कूलों में नियुक्त बीएड अर्हताधारी सहायक अध्यापकों के ब्रिज कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।


पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर थी जो अब बढ़ाकर 19 जनवरी की दी गई है। खास बात यह है कि देशभर से मिले आवेदन में आधे से अधिक केवल उत्तर प्रदेश से हैं। 25 दिसंबर तक देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 56072 शिक्षकों ने आवेदन किया था जिनमें से यूपी से मिले आवेदन की संख्या 32106 थी। यूपी से अधिकतर उन शिक्षकों ने आवेदन किया है जिनका चयन 69000 भर्ती में हुआ था। इसके बाद मध्य प्रदेश से 8633, बिहार से 6972, पश्चिम बंगाल से 5288, छत्तीसगढ़ से 1026 शिक्षकों ने आवेदन किए हैं।


एनआईओएस की ओर से प्राथमिक शिक्षक शिक्षा का छह माह का प्रमाणपत्र (ब्रिज कोर्स) दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा (ओडीएल) माध्यम से संचालित किया जाएगा। शिक्षकों को ब्रिज कोर्स शुरू होने की तिथि से एक वर्ष के भीतर एक बार में ही कोर्स पूरा करना है। कोर्स पूरा न करने पर शिक्षक की नियुक्ति अमान्य हो जाएगी। ब्रिज कोर्स को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने दो जुलाई 2025 को मान्यता दी थी। एनआईओएस मुख्यालय नोएडा में सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उपनिदेशक आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 19 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more