प्रयागराज, । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2024 का अंतिम परिणाम रविवार देर रात घोषित कर दिया। नेहा पांचाल ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी का नाम है। तीसरा स्थान अभय प्रताप सिंह को मिला है।
टॉप टेन में छह बेटियां हैं जिसमें से चार उत्तर प्रदेश की हैं। 24 प्रकार के कुल 947 पदों के सापेक्ष 932 पर चयन हुआ है। व्यवस्थाधिकारी के एक और व्यवस्थापक के 14 पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने से खाली रह गए हैं। आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार प्राप्तांक, श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंकों की सूचनाएं जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएंगी। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 272 ओबीसी, 186 एससी, 22 एसटी वर्ग से हैं। प्रारंभिक परीक्षा के सवा साल बाद आए परिणाम में आठ साल बाद इतने अफसरों का चयन हुआ है।

