बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित वार्षिक परीक्षाओं के संपन्न होने के बाद अब रिजल्ट को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। विभाग की ओर से पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षाओं की तारीख में बदलाव कर इन्हें 28 मार्च को आयोजित किया गया था।
शनिवार को परीक्षा खत्म होने के बाद अगले ही दिन रविवार का अवकाश होने के कारण शिक्षकों को कॉपियां जांचने और रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। इस समय की कमी के चलते अब सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परिणाम घोषित करना शिक्षकों के लिए चुनौती बना हुआ है।
परिणामों में देरी की एक बड़ी वजह रिपोर्ट कार्ड की अनुपलब्धता भी है। जिले के कई विद्यालयों में अभी तक रिपोर्ट कार्ड नहीं पहुंचे हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब शनिवार को परीक्षा कराई गई और रविवार को छुट्टी थी, तो इतने कम समय में मूल्यांकन और परिणाम तैयार करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. केवी सिंह ने बताया कि कई स्कूलों में सोमवार सुबह तक रिपोर्ट कार्ड पहुंचने की उम्मीद है।

