प्रयागराज, प्रदेश के 4517 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर संशय दूर हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने एक आरटीआई के जवाब में लिखा है कि भर्ती लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगी। पूर्व में शासन ने लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर भर्ती के आदेश दिए थे लेकिन नवगठित चयन आयोग के अधिनियम में इसका कोई जिक्र नहीं था। यही कारण है कि अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति बनी हुई थी।
इससे पहले 2013 में जारी विज्ञापन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने साक्षात्कार के आधार पर प्रधानाचार्यों की भर्ती की थी। अब नवगठित चयन आयोग 2027 के चुनाव से पहले प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), प्रवक्ता (पीजीटी) के साथ ही प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों की भर्ती की तैयारी में है। शिक्षा निदेशालय को मिली सूचना के अनुसार वर्तमान में इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1502 जबकि हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1003 कुल 2505 पद रिक्त हैं।

