UP Teacher Promotion: शामली में 2028 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची होगी जारी, 13 साल बाद पदोन्नति की उम्मीद जगी
शामली। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 13 वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों की प्रक्रिया अब आगे बढ़ने लगी है। बेसिक शिक्षा विभाग ने पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जनपद शामली के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत कुल 2028 शिक्षकों की सूची विभाग को प्राप्त हुई है। अब इन शिक्षकों के सेवा संबंधी अभिलेखों और नियुक्ति तिथि का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें - Supreme Court: सरकारी कर्मचारी 48 घंटे हिरासत में रहने पर स्वतः निलंबित, अलग से आदेश जारी करना जरूरी नहीं
ये भी पढ़ें - Census 2027: देशभर में 24.25 लाख आवासीय ब्लॉकों की डिजिटल मैपिंग पूरी, जानें जनगणना की तैयारी
2028 शिक्षकों की तैयार होगी वरिष्ठता सूची
बीएसए संतोष कुमार ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची मांगी गई थी। प्राप्त विवरण के अनुसार, इसमें प्राथमिक विद्यालयों के 1364 और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 664 शिक्षक शामिल हैं।
विभाग की ओर से सभी शिक्षकों की नियुक्ति तिथि और अन्य आवश्यक सेवा संबंधी विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को वरिष्ठता सूची तैयार कर बीएसए कार्यालय में चस्पा की जाएगी।
15 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद शिक्षकों को अपने विवरण की जांच करने का अवसर दिया जाएगा। यदि किसी शिक्षक को वरिष्ठता क्रम, नियुक्ति तिथि या अन्य विवरण में कोई त्रुटि मिलती है तो वह 15 नवंबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेगा।
बीएसए के अनुसार, निर्धारित समय में प्राप्त आपत्तियों का समिति द्वारा परीक्षण और निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद संशोधित डाटा भेजा जाएगा और अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।
शिक्षकों को नाम और वरिष्ठता क्रम जांचने की सलाह
बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों से अपील की है कि वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद उसमें अपना नाम, वरिष्ठता क्रम, नियुक्ति तिथि और अन्य विवरण ध्यानपूर्वक जांच लें। किसी भी प्रकार की गलती होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि अंतिम सूची तैयार करते समय त्रुटियों को सुधारा जा सके।
करीब 13 वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों के लिए वरिष्ठता सूची जारी होने की यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे जिले में शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

