हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 April 2022

यूपीटीईटी 2021 की अंतिम उत्तर कुंजी जारी, 8 प्रश्नों पर मिले समान अंक, आज जारी होगा परिणाम


लखनऊ । उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2021 की अंतिम उत्तर कुंजी गुरुवार को जारी कर दी गई है। उत्तर कुंजी में प्राथमिक स्तर में पांच और उच्च प्राथमिक में तीन प्रश्नों पर सभी अभ्यर्थियों को समान अंक दिए गए हैं। अभ्यर्थी अंतिम उत्तर कुंजी को वेबसाइट updeled.gov पर देख सकते हैं।

सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी के मुताबिक प्राथमिक स्तर पर पांच व उच्च प्राथमिक स्तर पर चार प्रश्नों के उत्तर बदले गए हैं। शुक्रवार को दोपहर बाद इसका परिणाम भी जारी किया जाएगा। वहीं, उत्तर कुंजी वेबसाइट पर 22 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी।

यूपीटीईटी 2021 परीक्षा 28 नवंबर, 2021 को कराई गई थी। परीक्षा के दिन पेपर आउट होने के चलते उसे निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद परीक्षा 23 जनवरी 2022 को प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की गई। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 12,91,627 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 10,73, 302 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर में 8,73,552 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 7,48,810 अभ्यर्थी इम्तिहान में शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद 27 जनवरी को उत्तरकुंजी जारी की गई। इसके बाद एक फरवरी तक आनलाइन आपत्तियां ली गईं। इसका परिणाम 25 फरवरी को जारी होना था, लेकिन विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण कार्यवाही रोक दी गई। चुनाव आचार संहिता हटने के बाद शासन की अनुमति मिलने पर परिणाम जारी किया जा रहा है।

यूपीटीईटी 2021 का प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा 23 जनवरी को हुई थी। परीक्षा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कराई गई थी। इस इम्तिहान के लिए 21 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने अपना पंजीकरण कराया था और करीब 18 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। इसके बाद से ही उम्मीदवार परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

उम्मीदवारों को लिए यूपीटईटी 2021 फाइनल आंसर-की डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट updeled.gov.in पर विजिट करने के बाद यूपीटीईटी सेक्शन में जाना होगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश टीईटी की अंतिम उत्तर कुंजी के लिंक पर क्लिक करना होगा, जो कि फिर पीडीएफ फार्मेट में ओपेन होगी। इसका प्रिंट लेने के बाद अभ्यर्थी साफ्ट कापी भी सेव कर सकते हैं।

.

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more