हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

29 January 2024

झगड़ा करने पर टीचर ने डांटा... तो छात्र ने धार्मिक रंग देकर किया हंगामा, समर्थन में पहुंच गए घरवाले


उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक स्कूल में सोमवार की सुबह अध्यापक ने छात्र को पीटा तो उसने हंगामा कर दिया। छात्र ने मामले को धार्मिक रंग देते हुए घरवालों और गांववालों को बुला लिया। छात्र की पिटाई की सूचना पर उसके परिजन व समर्थक कॉलेज पहुंच गए। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। कॉलेज प्रधानाचार्य ने कहा कि दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। अध्यापक ने डांट लगाई थी। इस पर दसवीं के छात्र ने मामले को धार्मिक रंग दे दिया। 






मामला फरह थाना क्षेत्र स्थित सेठ प्रेम सुखदास इंटर कॉलेज का है। सनौरा गांव निवासी किशोर कक्षा 10 का छात्र है। इंटर कॉलेज माध्यमिक शिक्षा विभाग से सहायता प्राप्त है। छात्र का आरोप है कि सोमवार की सुबह वह कॉलेज में परीक्षा देने गया था। कॉलेज के गेट पर खड़े अध्यापक और अध्यापिका से नमस्ते की बजाए जय श्री राम कहा। इस पर दोनों आग बबूला हो गए। उसकी पिटाई कर दी। 


छात्र ने इसकी जानकारी अपने परिजन को दी। सूचना पर परिजन अपने साथ कॉलेज पर गांव से समर्थकों को लेकर पहुंच गए। वहां करीब दो घंटे तक भारी हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। अध्यापक ने छात्र की पिटाई के आरोपों से इनकार किया। बाद में कुछ लोगों द्वारा बीच-बचाव किया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।

 

प्रधानाचार्य ने ये कहा

कॉलेज की प्रधानाचार्य मंजू ने मामले में कहा कि छात्र के आरोप गलत हैं। दसवीं के छात्र व एक अन्य छात्र के बीच तनातनी हो रही थी। दोनों एक-दूसरे को धमका रहे थे। यह सुनने पर अध्यापक ने उसको डांट लगा दी थी। इसी बात पर छात्र ने मामले को धार्मिक रंग दे दिया। उधर, छात्र ने एक वीडियो जारी करके बयान सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस वीडियो पर लोग तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।



डीआईओएस बोले, कराएंगे मामले की जांच

डीआईओएस भास्कर मिश्र ने बताया कि इस प्रकरण के संबंध में छात्र या उसके परिवार वालों ने लिखित या मौखिक शिकायत नहीं की है। अगर, उनके द्वारा शिकायत की जाती है तो मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more