मौसम अलर्ट : बर्फीली हवाओ से बढ़ी गलन आज भी घने कोहरे का अलर्ट


जनवरी के आखिरी दिनों में कड़ाके की सर्दी कहर ढा रही है। बुधवार को धूप निकली लेकिन बर्फीली हवा ने इसकी गुनगुनाहट छीन ली। दिन का तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री कम 17.4 दर्ज किया गया। रात में भी बेहद गलन रही और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे इस भीषण सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।


बुधवार की सुबह टहलने वालों, जरूरी काम से निकले लोगों को दो सर्दी ने परेशान किया। सुबह 10 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए। कोहरे की परत ने धूप को रोका हुआ था। गलन का आलम यह था कि सुबह 920 बजे तक तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ था। धूप निकलने के बावजूद भी सुबह 10 से 11 बजे के बीच तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में धूप ने असर दिखाया लेकिन बर्फीली हवा अपना असर दिखाती रही। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अफगानिस्तान की ओर से उच्च हिमालयी इलाकों से होकर आ रही बर्फीली पछुआ हवा अपना असर दिखा रही है जिससे प्रदेश में लखनऊ समेत ज्यादातर जिलों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है।


दो दिन में भीषण सर्दी से राहत के आसार

लखनऊ और इसके आसपास के जिलों में गुरुवार को सुबह घना या बेहद घना कोहरा रह सकता है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार ऐसे में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। एक पश्चिमी विक्षोभ उभर रहा है जो 48 घंटो में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव में आने के बाद ही भीषण सर्दी से कुछ राहत मिलेगी।