हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

10 February 2024

डीएम और बीडीओ में मारपीट, डीएम को दीं गालियां


आगराः जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में शुक्रवार को चल रही बैठक में डीएम भानु चंद्र गोस्वामी और बीडीओ बरौली अहीर अनिरुद्ध सिंह चौहान के बीच ऐसी गर्मागर्मी हुई कि बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद डीएम व बीडीओ में मारपीट हुई। डीएम की बात से गुस्साये बीडीओ ने उन्हें जमकर गालियां दीं। आखिर में बीडीओ आस्तीन चढ़ाते बोले कि वह किसी से डरते नहीं। यह कहते हुए वह सभागार से बाहर आ गए। बैठक में मौजूद सीडीओ व दूसरे अधिकारी सन्न रह गए। एडीओ खंदौली पंकज कुमार ने बीडीओ के विरुद्ध रकाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में डीएम के साथ मारपीट की बात भी लिखी गई है।



डीएम की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह बैठक शुरू हुई। डीएम ने बीडीओ चौहान से नगला कली में जलभराव सहित अन्य समस्याओं को लेकर सवाल पूछना शुरू किया। इस पर बीडीओ का व्यवहार अचानक बदल गया। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सीडीओ ने बीडीओ को समझाने का प्रयास किया। डीएम ने भाषा की शालीनता बनाए रखने को कहा, लेकिन इसके विपरीत बीडीओ और उत्तेजित हो गए। उन्होंने डीएम को गालियां दीं और इसके बाद दोनों में मारपीट भी हुई। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि बीडीओ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हो गया है। डीएम ने बीडीओ के विरुद्ध शासन को रिपोर्ट भेज दी है। अब शासन स्तर से ही बीडीओ पर कोई कार्रवाई की जाएगी। फर्रुखाबाद निवासी बीडीओ अनिरुद्ध सिंह चौहान तीन बार भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा के इंटरव्यू तक पहुंचे हैं, लेकिन सफल नहीं हुए।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more